उत्तर प्रदेश के आगरा की चर्चित महिला सिपाही प्रियंका मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इंस्टाग्राम पर रिवॉल्वर लेकर रील बनाने से चर्चा में आईं प्रियंका को कुछ साल पहले पुलिस सेवा से इस्तीफा देना पड़ा था। अब उन्होंने अपने ससुराल वालों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
कानपुर निवासी प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर पांच वीडियो पोस्ट किए हैं, जिनमें उन्होंने पति और ससुराल पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पति की कई युवतियों से नज़दीकियां हैं, और विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।प्रियंका ने वर्ष 2020 में पुलिस विभाग जॉइन किया था। झांसी में प्रशिक्षण के बाद उनकी तैनाती आगरा के थाना एमएम गेट पर महिला हेल्प डेस्क में हुई। वर्ष 2021 में ड्यूटी के दौरान रिवॉल्वर हाथ में लेकर रील बनाना उन्हें भारी पड़ गया। मामला तत्कालीन एसएसपी तक पहुंचा और उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। आहत होकर प्रियंका ने इस्तीफा दे दिया।
वर्ष 2023 में उन्होंने दोबारा नौकरी हासिल की, लेकिन 48 घंटे में ही विभाग ने सेवा समाप्त कर दी। बताया गया कि नियुक्ति के दौरान कुछ तथ्य छिपाए गए थे। विभाग ने उनकी मदद करने वाले क्लर्क को भी निलंबित कर दिया।अब प्रियंका मिश्रा फिर सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा कर रही हैं, जिससे पुलिस महकमे में दोबारा चर्चा तेज़ हो गई है।








