रिपोर्टर बने

पहली से तलाक़, दूसरी की बदले की फुफकार, तीसरी से ‘बेबी प्लानिंग’… तेज प्रताप यादव की शादियों की शतरंज में पर्दे के पीछे कई खिलाड़ी, सियासी है बिसात

विवाह निजी जीवन का मसला होता है। कहते हैं, मियाँ-बीवी राज़ी तो क्या करेगा क़ाज़ी। लेकिन, हमने प्राचीन काल से लेकर अबतक, राजा-महाराजाओं से लेकर नेताओं तक को कूटनीति व राजनीति के लिए विवाह संबंध स्थापित करते हुए देखा है। भारत में विवाह सिर्फ़ एक लड़का और एक लड़की का नहीं होता है, दो परिवारों का होता है। तेज प्रताप यादव के विषय में भी कुछ ऐसा ही हुआ था। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती और चन्द्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से उनकी शादी भी शायद दो राजनीतिक घरानों द्वारा एक और एक को मिलाकर ग्यारह बनाने की कोशिश थी।

हालाँकि, इस ‘ग्यारह’ ने अब बिहार के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार के चेहरे पर ‘बारह’ बजा दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कंटेंट तो अबतक आपने देख ही लिए होंगे, इसीलिए बहुत कुछ दोहराने की ज़रूरत नहीं है। संक्षेप में ये समझिए कि तेज प्रताप यादव के फेसबुक हैंडल से एक पोस्ट होता है जिसमें वो अनुष्का यादव के साथ अपनी तस्वीर डालकर 12 वर्षों से रिलेशनशिप में होने की बात स्वीकार करते हैं। हंगामा होने पर ‘अकाउंट हैक होने’ और ‘AI से छेड़छाड़ कर तस्वीर बनाने’ जैसे बहाने मारकर यू-टर्न ले लिया जाता है।

इस दौरान लोग पूछते हैं कि अगर 12 वर्षों से तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव रिलेशनशिप में थे तो फिर उन्होंने 2018 में ऐश्वर्या राय से विवाह करके उनका जीवन क्यों ख़राब किया? ऐश्वर्या राय फिलहाल अलग रह रही हैं। तेज प्रताप पर उन्होंने घरेलू हिंसा और अजीबोगरीब व्यवहार का आरोप लगाकर ऐश्वर्या राय ने तलाक़ का मामला दायर कर रखा है। ख़ुद तेज प्रताप यादव एक पॉडकास्ट में बता चुके हैं कि ये शादी पॉलिटिक्स के लिए हुई थी। सारण के परसा में राय परिवार का प्रभाव है। पिता-पुत्र अबतक 13 बार MLA रह चुके हैं।

आइए, अब सोशल मीडिया पर चल रही इस कहानी को और अधिक न पेरते हुए सीधे शतरंज की उस बिसात पर चलते हैं जहाँ हर किरदार अपने-अपने मोहरे लेकर तैयार है और जो दिख रहा है उसे समझना उतना आसान नहीं है। पर्दे के पीछे जो खेल चल रहे हैं वो बिहार के विधानसभा चुनाव तक कई बड़े उथल-पुथल मचाने वाले हैं। लालू परिवार के क़रीबी दबी ज़ुबान से कह रहे हैं कि एक तरह से इस पूरे मामले में तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने के अरमान पर पानी फेर दिया है। वो अरमान, जो बीमार लालू यादव की अंतिम इच्छा मानी जाती है।

मैं यहाँ जो भी लिखने जा रहा हूँ, उसकी पुष्टि न मैं करता हूँ और न ही संस्थान। ये बता देना इसीलिए आवश्यक है, क्योंकि इस खेल में कोई भी टीम खुलकर अपना स्कोरकार्ड प्रदर्शित करने की इच्छुक नहीं है और दूसरी बात ये कि अभिषेक मिश्रा को अब तक न्याय नहीं मिला है ये याद रखा जाना चाहिए। अभिषेक मिश्रा, उसी BIT मेसरा का होनहार छात्र जिससे मैं पढ़ा हूँ। इसपर हम आगे चर्चा करेंगे लेकिन उससे पहले एक भविष्यवाणी ये नोट करके रख लीजिए कि इस पटकथा में क्लाइमैक्स तभी आएगा जब संजय यादव की पटना से विदाई होगी।

अनुष्का यादव के चैट्स, निशु सिन्हा नामक नई महिला की एंट्री

आइए, बातों को अधिक न घुमाते हुए सीधे तथ्यों पर चलते हैं। आजकल चैट्स बहुत कुछ बोलते हैं, उन चैट्स को ही देखते हैं। बेचैन अनुष्का यादव किसी को मैसेज बताती हैं कि तेज प्रताप यादव और निशु सिन्हा मालदीव जा रहे हैं। इंस्टाग्राम पर मालदीव में ध्यान करते हुए तेज प्रताप यादव का वीडियो भी आया था। अब पता चल रहा है कि उनका विदेश जाना अनायास नहीं था। अनुष्का यादव को पहले ही पता था कि वो मालदीव जाने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, असल में जाना अनुष्का को ही मालदीव था तेज प्रताप के साथ, लेकिन इस खेल में थोड़ा बदलाव हुआ।

तभी बेचैन अनुष्का यादव उस चैट में कहती हैं कि अब उन्हें मीडिया में आना होगा। साथ ही वो जानकारी देती हैं कि अभी उनकी तबीयत ख़राब है और वो अस्पताल में दाखिल हैं। ख़ैर, बात आगे बढ़ती है तो वो ख़ुद ही बताती हैं कि तेज प्रताप यादव 17 मई, 2025 को मालदीव जा रहे हैं और 23 को लौटने की योजना है। तभी बीच में एक और किरदार की बात आ जाती है – निशु सिन्हा। निशु सिन्हा कौन हैं, इस बारे में अनुष्का यादव को पहले से ही आईडिया था, तभी वो जिससे चैट कर रही होती हैं उनको बताती हैं कि निशु सिन्हा का तेज प्रताप के साथ क्या रिश्ता है?

इस चैट में वो ये भी कहती हैं कि तेजस्वी यादव ने ही तेज प्रताप और निशु सिन्हा को मालदीव भेजा है। क्यों? तो ‘बेबी प्लानिंग’ के लिए। इसके बाद इस चैट में जो आता है वो और चौंकाने वाला है, जो ये कहता है कि कभी शिवलिंग से लिपट कर दुग्ध स्नान करने तो कभी वृन्दावन में बाँसुरी बजाने वाले तेज प्रताप यादव ने एक नहीं बल्कि तीन-तीन शादियाँ कर रखी हैं। हम इसकी पुष्टि नहीं करते, लेकिन सामने वाले शख्स ने जब तेज प्रताप और निशु के बीच रिश्ते के बारे में पूछा तो अनुष्का ने जो जवाब दिया वो गौर करने लायक है।

इस चैट में अनुष्का यादव ने बताया, “तेज प्रताप यादव और निशु सिन्हा के बीच पति-पत्नी का रिश्ता है। वो शादीशुदा हैं।” सामने वाला शख्स चौंक कर पूछता है कि इसकी कितनी शादियाँ हैं भाई! इसपर जवाब दिया जाता है कि पहली ऐश्वर्या राय, दूसरी अनुष्का यादव यानी वो ख़ुद और तीसरी निशु सिन्हा। हम एक और दावा सूत्रों के हवाले से कर रहे हैं – जिस शख्स से अनुष्का यादव का ये चैट वायरल हो रहा है उसका नाम है – अलका यादव। अलका यादव कौन? लालू यादव के कुख़्यात साले सुभाष यादव की बेटी। राबड़ी देवी जब मुख्यमंत्री थीं, तब पूरे बिहार में उनके दोनों भाइयों साधु और सुभाष का दबदबा चलता था। सत्ता गई तो दोनों से लालू परिवार के रिश्ते भी तल्ख़ हो गए और अब तो दोनों भाई खुलेआम मीडिया के सामने ही जीजा से लेकर भतीजे तक पर गंभीर आरोप लगाते हैं।

तो चलिए, कहानी को आगे बढ़ाते हैं। महाभारत में द्रौपदी बदले की आग में जली थी, रामायण में सूर्पनखा बदले की आग में जली थी, सन् 2025 में फिर से एक नारी की बदले की आग धधक उठती है। अनुष्का यादव ने अलका को आगे लिखा, “शाम से लेकर सुबह तक न्यूज़ देख लीजिएगा दीदी। मैं बोली थी न बदला लूँगी। वो मालदीव गए हैं निशु सिन्हा के साथ।” जब अलका ने कहा कि उन्होंने कोई न्यूज़ नहीं देखी है, तो अनुष्का ने फुँफकारा, “न्यूज़ अब चलेगी।” इस चैट में तेजस्वी यादव का नाम आना ये बताता है कि लालू परिवार को सबकुछ पहले से पता था, वरना बात ‘बेबी प्लानिंग’ तक नहीं पहुँचती। ध्यानार्थ, ये सब सूत्रों के हवाले से है और हम पुष्टि नहीं करते। चलिए, आगे बढ़ें?

जिन निशु सिन्हा का जिक्र आ रहा है, उनका घर बिहार के ही खगौल में है। वहीं जिन अनुष्का यादव का जिक्र आ रहा है, उनकी कहानी BN कॉलेज से शुरू होती है जहाँ वो और तेज प्रताप एक साथ पढ़ाई करते थे। प्रेम कहानी में एक तीसरा किरदार भी है – आकाश यादव, अनुष्का का भाई। कहते हैं, आकाश की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएँ आकाश में पतंगों की तरह ऊँची उड़ती हैं। तेज प्रताप का हाथ सर पर पड़ा तो पार्टी में तेज़ी से उदय भी होने लगा। लेकिन, तथ्य तो ये है कि लालू यादव का अपनी राजनीतिक विरासत को लेकर हमेशा अपने छोटे बेटे तेजस्वी पर ही भरोसा रहा और दिल्ली में हुई कार्यकारिणी तक में वो ये ऐलान कर चुके हैं।

अनुष्का यादव और अलका यादव के चैट्स

अनुष्का यादव और अलका यादव के चैट्स

अनुष्का यादव और अलका यादव के चैट्स

अनुष्का यादव और अलका यादव के चैट्स

आकाश को बिहार छात्र राजद के अध्यक्ष पद से नवाज़ा गया। हालाँकि, इसे लेकर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और तेज प्रताप के बीच टकराव भी सामने आया। कहते हैं, पार्टी के एक कार्यक्रम में उन्होंने पोस्टरों में तेज प्रताप को मुख्य बनाकर तेजस्वी को गोल कर दिया था। परिणामस्वरूप, गाज गिरी और हटा दिए गए। तेज प्रताप ने बगावत कर दी। 2021 की इन घटनाओं की कड़ी को आप आज से जोड़िए, बहुत कुछ समझ आ जाएगा। अब हम आपको इससे भी आगे की जानकारी देते हैं।

आकाश यादव अपने मेंटर तेज प्रताप यादव का सोशल मीडिया भी देखा करते थे। यानी, जैसे लालू-तेजस्वी के सोशल मीडिया हैंडल्स पर संजय यादव की छाप दिखती है वैसे ही तेज प्रताप यादव के फेसबुक पोस्ट आकाश यादव लिखा करते थे। एक और चीज गौर कीजिए – सामान्यतः ऐसे बड़े ऐलान ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से किए जाते रहे हैं, लेकिन तेज प्रताप यादव का ये पोस्ट फेसबुक से हुआ। खैर, ये चिंतन का विषय है। पोस्ट फेसबुक से ही क्यों हुआ, ‘X’ से क्यों नहीं?

भाई आकाश के लिए बहन ‘अनुष्का प्रताप यादव’ का इंस्टाग्राम पोस्ट

आकाश यादव को पार्टी के हटाए जाने के बाद बागी तेज प्रताप यादव इतने नाराज़ हो गए थे कि उन्होंने जगदानंद सिंह के खिलाफ न्यायपालिका का दरवाजा तक खटखटाने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने घोषणा की थी कि जगदानंद सिंह पर जबतक कार्रवाई नहीं होगी तबतक वो पार्टी की किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं होंगे। आकाश यादव ने भी खुलकर तेजस्वी यादव पर हमला बोलना शुरू कर दिया था। बाद में वो पशुपति कुमार पारस की LJP में शामिल हो गए थे।

निशु सिन्हा की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वो लालू परिवार के साथ बिलकुल सहज नज़र आ रही हैं। एक तस्वीर में तो वो तेजस्वी यादव के साथ बैठी हुई हैं और एकदम सहज हैं। निशु सिन्हा पटना स्थित डॉन बॉस्को स्कूल में बतौर शिक्षक कार्यरत थीं। उनका नाम सामने आने के बाद इंस्टाग्राम पर ख़ुद को ‘अनुष्का प्रताप यादव’ लिखने वाले लड़की को समस्या होनी ही थी, सो हुई। निशु सिन्हा के भाई को भी दिल्ली में तमाम तरह की संपत्तियाँ दिए जाने की बातें चर्चा में हैं।

तेजस्वी यादव के साथ निशु सिन्हा – तेज प्रताप यादव की प्रेम कहानियों में एक और किरदार

अभिषेक मिश्रा को अबतक नहीं मिला न्याय, बोलने से डरते हैं लोग

बिहार में राजद से जुड़े कई लोगों को ये चीजें पहले से पता थीं, लेकिन कोई बोल नहीं रहा था। कभी लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य राँची स्थित BIT मेसरा में पढ़ती थीं और दोस्तों के साथ दशम जल-प्रपात घूमने गई थीं, इसी दौरान अचानक से उनकी मृत्यु हो जाती है। 15 मिनट में ऑटोप्सी हो जाती है और डूबने से मौत की बात कही जाती है। लड़का कोई साधारण परिवार से नहीं था। पिता डॉ सुभाष मिश्रा दिल्ली स्थित राममनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी थे। भाजपा नेताओं के मित्र थे।

अभिषेक के चेहरे पर एक गहरे कट का निशान था, ऊपर का एक दाँत टूटा हुआ था, उनके दाहिने पाँव पर जख्म था, पीछे से खोपड़ी भी फैक्चर्ड थी – लेकिन नहीं, ये तो ‘डूबने की दुर्घटना से हुई मौत’ थी। रागिनी वहाँ मौजूद थी, लेकिन कभी कुछ नहीं कहा इस पर। भ्रष्टाचार में जेल में बंद मधु कोड़ा 2006 में झारखंड के मुख्यमंत्री हुआ करते थे, उनकी सरकार को लालू यादव की RJD का समर्थन था। खुद लालू यादव केंद्र में रेल मंत्री थे। रागिनी-अभिषेक के साथ जो 2 दोस्त भरत और विशाल थे, उन्हें मौके पर से सीधे मुख्यमंत्री आवास ले जाया गया। वहाँ से दोनों कहाँ गायब हुए, किसी को पता नहीं चला।

3 दिनों बाद जब वो सामने आए तो उन्होंने बताया कि अभिषेक मिश्रा और रागिनी यादव शादी की योजना बना रहे थे, दोनों परिवारों को इनकी दोस्ती के बारे में पता था। रागिनी कई बार अभिषेक के माता-पिता से मिल चुकी थी। कई बार उनके घर भी गई। जब डॉ मिश्रा अपने परिवार के साथ राँची पहुँचे तो राजद नेताओं ने उनलोगों को घेरे रखा। आज रागिनी अपने जीवन में ख़ुश हैं, जमकर राजनीतिक पोस्ट भी करती हैं। ससुर जितेंद्र यादव और पति राहुल यादव सपा के नेता हैं। जमीन के बदले नौकरी का जो रेलवे घोटाला है, इसमें दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में ₹150 करोड़ के मकान-प्लॉट सिर्फ ₹4 लाख में लालू परिवार ने खरीद ली। ‘AB एक्सपोर्ट्स’ नामक इस कंपनी के अधिकतर शेयर तेजस्वी यादव के नाम हैं, जबकि रागिनी यादव कंपनी में डायरेक्टर हैं। ED उनसे पूछताछ भी कर चुकी है।

तो बात ये है कि अभिषेक मिश्रा के साथ जो हुआ, वैसा किसी और के साथ हो जाए इसका डर बना रहता है। यही कारण है कि बिहार में पत्रकारों से लेकर नेताओं तक को बहुत सोच-समझकर बोलना पड़ता है।

तेज प्रताप यादव के मालदीव जाने से लेकर तस्वीरें लीक होने तक: ये सब एक्सीडेंटल नहीं

तेज प्रताप यादव का मालदीव जाना या उन्हें भेजा जाना, निशु सिन्हा का उनके साथ जाना, अनुष्का यादव को सब पता होना, तस्वीरें लीक होना, फिर चैट लीक होना और तेज प्रताप यादव को पार्टी व परिवार से निष्कासित किया जाना – RJD से जुड़े क़रीबी सूत्र बताते हैं कि ये सब महज संयोग नहीं है, ये क्रोनोलॉजी अपने भीतर कई राज़ छुपाए हुए है। राजद ने शुरुआत में वायरल हो रही तस्वीरों को सोशल मीडिया से हटवाने में रुचि नहीं दिखाई, ये भी हमारे सूत्र बताते हैं। ये सब पार्टी में फ़िलहाल संजय यादव ही देख रहे हैं। हरियाणा वाले संजय यादव तेजस्वी के पुराने रिश्तेदार हैं, पार्टी में फ़िलहाल जितनी उतनी चलती है उतनी किसी की नहीं, ख़ासकर के जगदानंद सिंह के बिस्तर पकड़ने के बाद से।

अब तीन-तीन लड़कियों से शादी कर उनका जीवन बर्बाद करने वाले तेजस्वी यादव को दोषी बताया जाए या फिर उनके खिलाफ परिवार और पार्टी में ही बड़े स्तर पर साजिश के दावे को सही मानकर उनसे सहानुभूति जताई जाए? दोनों ही बातें हैं शायद, लेकिन लालू यादव और उनका पूरा परिवार इस प्रकरण में दोषी ही दोषी नज़र आ रहा है। सबकुछ पता होने के बावजूद निष्कासन का ड्रामा तब खेला गया, जब चीजें सार्वजनिक हुईं (या करवाई गईं?)। सुभाष यादव भी कह रहे हैं कि केवल लालू यादव ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को इसके बारे में पता था।

बिहार की राजनीति में ऐश्वर्या राय और अनुष्का यादव – अहीर परिवार की दो-दो लड़कियों के साथ अन्याय का मामला तूल पकड़ने वाला है। BJP जल्द ही इस मामले को आगे बढ़कर उठाती हुई दिखेगी। उसके अन्य घटक दल भी इस मुद्दे को लेकर लालू परिवार को निशाना बनाएँगे। पटना से लेकर मालदीव तक हुई इस हलचल के कारण दिल्ली में भी गहमागहमी है। इसी साल अक्टूबर में बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी इस प्रकरण की कई परतों का उधड़ना बाकी है, इंतज़ार कीजिए!

  • Related Posts

    बटला हाउस में चलेगा UP सरकार का बुलडोजर? सुप्रीम कोर्ट का दखल देने से इनकार, सुल्ताना शाहीन की याचिका पर अब जुलाई में होगी सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के बटला हाउस में अवैध निर्माण की कार्रवाई में दखल देने से इंकार कर दिया है। याचिकाकर्ताओं को सक्षम अधिकारियों से संपर्क करने के लिए कहा…

    जिस साकिब नाचन के ठिकानों से मिले थे 44 ड्रोन, उसके घर पर ATS ने मारा छापा: ठाणे के गाँव को बना दिया था ‘अल शाम’, ISIS का सरगना बन दिलाई थी ‘बैयत’ की कसम

    महाराष्ट्र के आतंकवादी निरोधी दस्ते (ATS) ने ठाणे के पडघा गाँव में छापेमारी की है। यह छापेमारी आतंकी साकिब नाचन के ठिकानों पर हुई है। ATS की यह छापेमारी आतंक…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com