देवरिया।
छह अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज देवरिया के ओपीडी भवन की ऊपरी मंजिल स्थित पानी की टंकी में मिले अज्ञात शव की पहचान आखिरकार हो गई है। तीन दिन की जांच-पड़ताल और डीएनए व फोटो साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त महाराष्ट्र के ठाणे अंबरनाथ निवासी आदित्य विश्वकाम्पलेक्स चंद्रदेव काम्पलेक्स के रहने वाले अशोक गावड़े (61 वर्ष) के रूप में की है। शव की पहचान पुलिस की दो टीमों — मुंबई और गोरखपुर — की संयुक्त जांच से संभव हो पाई। मुंबई पुलिस टीम ने मृतक की पत्नी श्रीमती अनीता गावड़े से संपर्क किया, जिन्होंने फोटो और ब्लड सैंपल के आधार पर शव की पहचान अपने पति अशोक गावड़े के रूप में की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक लंबे समय से पत्नी से अलग रह रहे थे और मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। बताया जा रहा है कि कई बार उनका इलाज मुंबई के एक अस्पताल में कराया गया था।मृतक की पत्नी ने भी देवरिया आकर पोस्टमार्टम हाउस में शव की पुष्टि की। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, और संभवतः इसी कारण वे देवरिया तक आ पहुंचे। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।







