देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के पीएलवी मनोज कुमार सिंह की मदद से विदेश में फंसे मजदूर बृजेश गोंड की दीपावली के दिन घर वापसी हुई।तरकुलवा क्षेत्र के ग्राम सीधाये निवासी बृजेश सात महीने पहले दुबई गए थे, जहां कंपनी मालिक ने उनसे काम कराया लेकिन वेतन नहीं दिया। आर्थिक संकट से जूझ रही उनकी पत्नी द्रोपती देवी ने थाना कोतवाली में आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई।
पीएलवी मनोज कुमार सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के सचिव मनोज कुमार तिवारी के प्रयासों से मामला सुलझा और कंपनी ने वेतन देकर बृजेश को भारत भेजा।20 अक्टूबर, दीपावली के दिन, बृजेश जब अपने घर लौटे तो द्रोपती देवी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।उस दिन उनके घर में सिर्फ दीप नहीं जले, बल्कि उम्मीद और विश्वास का उजाला भी फैल गया।







